श्री राम की भव्य शोभायात्रा से राममय हुआ खटीमा, जगह-जगह हुआ पुष्प वर्षा से स्वागत

श्री राम की भव्य शोभायात्रा से राममय हुआ खटीमा, जगह-जगह हुआ पुष्प वर्षा से स्वागत

सनातन श्री रामलीला पात्र परिषद कमेटी के तत्वावधान में भगवान श्री राम की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ रामलीला मैदान से हुआ, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पूरे नगर में भ्रमण के बाद पुनः रामलीला मैदान में समाप्त हुई।

शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर मुख्य चौक, टनकपुर रोड, पीलीभीत रोड एवं सितारगंज रोड से होते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा। शहरवासियों में शोभायात्रा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।

शोभायात्रा में भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही हनुमान जी की झांकी, शिव-पार्वती नृत्य, मां सरस्वती की झांकी और भगवान गणेश की धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। छोटे-छोटे बाल कलाकार भी विभिन्न झांकियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नजर आए, जिन्हें देखकर लोगों ने खूब सराहा।

शोभायात्रा का जगह-जगह व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर और मिष्ठान वितरण कर भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने आरती कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर सनातन श्री रामलीला पात्र परिषद कमेटी के अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, महामंत्री इंद्रेश कुमार, कोषाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, महाप्रबंधक विशाल अग्रवाल, निर्देशक वीरेंद्र रावत, मीडिया प्रभारी मनोज वाधवा, राजेश श्रीवास्तव, विजय गुप्ता, राजेश गुप्ता, चरणजीत बत्रा, अजर सिद्दीकी, जतिन कक्कड़, सुनील गुप्ता, अनिल गुप्ता, रविंद्र श्रीवास्तव, पुरोहित ठाकुर, प्रमोद सक्सेना, भगवान दास गुप्ता, रामचंद्र कश्यप, आशु जोशी, नागेश गुप्ता, आशीष अग्रवाल, मनोज भारती सहित कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कमेटी के अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने बताया कि भगवान श्री राम की शोभायात्रा का आयोजन हर वर्ष बड़े हर्षोल्लास के साथ किया जाता है। इसका उद्देश्य सनातन संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, पुलिस प्रशासन और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अंत में रामलीला मैदान में शोभायात्रा के संपन्न होने के साथ ही आगामी रामलीला महोत्सव की तैयारियों का भी शुभारंभ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *