फर्जी और झूठे मुकदमे से पत्रकारों में भारी आक्रोश,
मुकदमा वापस लेने की मांग, सीएम, डीजी सूचना व डीजीपी को भेजा ज्ञापन,
उचित कार्रवाई न होने पर व्यापक आंदोलन की दी चेतावनी,
एलपीजी गैस के लिए परेशान उपभोक्ताओं की खबर दिखाने पर पत्रकार के खिलाफ हुआ मुकदमा,
खटीमा के चकरपुर इलाके में एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए सुबह से इंतजार कर रहे लंबी लाइनों में खड़े परेशान लोगों की खबर दिखाने पर खटीमा के वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ भाजपा नेता की तहरीर पर खटीमा पुलिस द्वारा बिना जांच पड़ताल व पूछताछ के आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया, जिससे खटीमा सहित अन्य जगहों के पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। वहीं खटीमा के आक्रोशित पत्रकारों ने खटीमा एसडीएम तुषार सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री, महानिदेशक सूचना तथा पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड को एक ज्ञापन प्रेषित कर मामले में गहनता से जांच करने के उपरांत पत्रकार के खिलाफ दर्ज झूठा व फर्जी मुकदमा वापस लेने तथा मुकदमा दर्ज करने वाले भाजपा नेता के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं इस मौके पर पत्रकारों ने कहा कि अगर मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो समस्त पत्रकार व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर पत्रकारों ने बताया कि जनहित से जुड़े मुद्दों, धरातल की सच्चाई और जनता के सरकारों को दिखाना एक पत्रकार का परम कर्तव्य और उसका अधिकार है। ऐसे में पत्रकार के खिलाफ दर्ज मुकदमा सरासर गलत, निराधार और अन्याय पूर्ण है तथा पत्रकारों के उत्पीड़न का प्रयास है। उन्होंने मामले में तत्काल उचित कार्रवाई की मांग की। वहीं एसडीएम तुषार सैनी ने ज्ञापन को उचित माध्यम से भेजने तथा प्राप्त निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करने की बात कही।