टेढ़ाघाट-चंदेली नवनिर्मित हॉट मिक्स सड़क मार्ग का जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने किया उद्घाटन
विकास मेरा संकल्प, जनता की सुविधा प्राथमिकता: अजय मौर्य
खटीमा: क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए टेढ़ाघाट बड़ी अंजनिया में ‘टेढ़ा घाट-चंदेली रोड’ पर नवनिर्मित 1 किलोमीटर हॉट मिक्स सड़क का आज भव्य उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने फीता काटकर इस सड़क को क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। उद्घाटन के अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि खटीमा का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि अपने नियमित भ्रमण के दौरान वे स्वयं उन क्षेत्रों की पहचान कर रहे हैं जहां सड़कों की स्थिति दयनीय है और उनकी कोशिश है कि ऐसी सभी सड़कों को चिह्नित कर उन्हें जल्द से जल्द सुसज्जित और मजबूत बनाया जाए। अध्यक्ष मौर्य ने आगे कहा कि खटीमा में विकास की गति तेज है और सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि ग्रामीण और शहरी संपर्क मार्गों को सुदृढ़ किया जाए ताकि आमजन का आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।
वरिष्ठ समाजसेवी गुरसेवक खैरा ने जानकारी देते हुए बताया कि टेढ़ाघाट मुख्य चौक से चंदेली की ओर जाने वाले इस मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य से निर्माण की मांग की थी। अध्यक्ष ने जनभावनाओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए न केवल निर्माण कार्य को मंजूरी दी, बल्कि इसे समयबद्ध तरीके से पूर्ण भी कराया। स्थानीय ग्रामीण इस कार्य की काफी सराहना कर रहे हैं और सड़क बनने से आवागमन सुगम होने के चलते लोगों ने राहत की सांस ली है। सड़क उद्घाटन के इस कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से गुरसेवक खैरा, रमेश चंद, रोशन सिंह, बलदेव सिह, दीपेंद्र सिंह, हरजीत सिंह, कुलदीप चीमा, बब्बू मोर्या, सतनाम सिंह, रिंकुगिल, और अर्जुन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
