गदरपुर तहसील परिसर में किसानों का प्रदर्शन, ट्रॉलियां खड़ी कर जताया विरोध

तहसील परिसर में किसानों का प्रदर्शन, ट्रॉलियां खड़ी कर जताया विरोध

उधम सिंह नगर गदरपुर सहित आस पास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से फसल नुकसान के बाद मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने सोमवार को गदरपुर तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी भी शामिल रहे। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के विभिन्न संगठनों के नेता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। विरोध स्वरूप किसानों ने धान से भरी अपनी ट्रॉलियां मंडी ले जाने के बजाय तहसील परिसर में लाकर खड़ी कर दीं।

इस मौके पर कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि अतिवृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं मिला। मजबूर होकर किसानों को धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंडियों में धान की तोल नहीं हो रही है, जिससे किसान परेशान हैं। भारतीय किसान यूनियन के नेता विक्रम सिंह ने कहा कि जिस तरह से अतिवृष्टि हुई है, उसके बाद से किसानों को किसी प्रकार की राहत नहीं मिली है। मुआवजा न मिलने से किसानों में आक्रोश है और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *