मुख्य सेवक सदन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का विदाई समारोह, सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) के कार्यकाल के समापन पर मुख्य सेवक सदन में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें सफल कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल प्रेरणादायी रहा। 15 सितंबर 2021 को पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पांच वर्षों तक प्रदेश की सेवा की और सबसे लंबे समय तक राज्यपाल रहने का रिकॉर्ड बनाया। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और दूरदर्शी सोच से शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, पूर्व सैनिकों के कल्याण, महिला सशक्तिकरण, एआई एवं तकनीक और जनसेवा के क्षेत्र को नई दिशा मिली।
सीएम ने कहा कि प्रदेश की सैन्य परंपरा और वीर सैनिकों के प्रति उनका सम्मान भाव सदैव स्मरणीय रहेगा। लोक भवन को आम जनमानस के लिए खोलने, पलायन रोकने, रिवर्स माइग्रेशन, हॉर्टिकल्चर, मिलेट्स और स्टार्टअप को बढ़ावा देने जैसे पांच मिशनों पर उनका विशेष फोकस रहा।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर को डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। वे 19 अक्टूबर को पदभार ग्रहण कर सकते हैं। विदाई समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य जन उपस्थित रहे।