छह सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों का चक्का जाम, एसडीएम चौक पर महापंचायत
छह सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर दिखाई दिया। उत्तराखंड किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने बुधवार को एसडीएम चौक पर चक्का जाम कर महापंचायत की। दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ मौके पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। चक्का जाम के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही।
किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गुलशन रोड ने कहा कि पुरानी तहसील में संगठन का धरना 19 अगस्त से लगातार जारी है, लेकिन अब तक मांगों का समाधान नहीं हुआ है। किसानों की प्रमुख मांगों में बकाया गन्ना भुगतान, चकबंदी प्रक्रिया में सुधार, तहसील कार्यों को सरल बनाना, ऊर्जा निगम की कथित छापेमारी पर रोक और छोटे बकायेदारों के बिजली कनेक्शन न काटना शामिल है।महापंचायत में किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन के आश्वासन के बाद महापंचायत समाप्त कर दी गई, लेकिन किसानों ने स्पष्ट किया कि पुरानी तहसील में उनका धरना जारी रहेगा।