विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, बीएलओ से कराएं सभी बूथों का भौतिक सत्या

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, बीएलओ से कराएं सभी बूथों का भौतिक सत्यापन

रुद्रपुर-विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को सभी उप जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने पुनरीक्षण कार्यों को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मतदेय स्थलों का बीएलओ के माध्यम से शत-प्रतिशत स्थलीय निरीक्षण कराकर भौतिक सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों के भवनों की स्थिति का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए। जिन मतदान केंद्रों के भवन जर्जर अथवा मतदान के लिए अनुपयुक्त पाए जाते हैं, उन्हें निकटवर्ती उपयुक्त सरकारी भवन में स्थानांतरित करने की विधिवत प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर विद्युत, रैंप, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक न्यूनतम आधारभूत सुविधाओं (एएमएफ) की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। किसी भी बूथ पर मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर निर्वाचक नामावलियों में दर्ज प्रत्येक मतदाता के नाम का गहन परीक्षण कराया जाए। मतदाताओं के नाम, आयु, संबंधी का नाम तथा अन्य विवरणों का पुनः सत्यापन शीघ्र कराया जाए। किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अपूर्णता पाए जाने पर सुधारात्मक कार्रवाई की जाए तथा ऐसे सभी प्रकरणों में प्रपत्र-8 भरवाकर एकत्र करते हुए विवरणों में संशोधन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण के दौरान नो-मैपिंग अथवा किसी विसंगति के कारण यदि किसी पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली से हटा गया हो, तो ऐसे मामलों की पहचान कर पात्र मतदाताओं से प्रपत्र-6 भरवाते हुए उनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कोई भी पात्र मतदाता अनावश्यक रूप से मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, ओसी हिमांशु कफलटिया, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी मौजूद थे, जबकि सभी उप जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *