रुद्रपुर: संस्कृति एकेडमी में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को किया जागरूक

रुद्रपुर: संस्कृति एकेडमी में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को किया जागरूक

बच्चों का बचपन सुरक्षित हो, उन्हें अपने अधिकारों और कानून की पूरी जानकारी मिले, इसी उद्देश्य से जयनगर स्थित संस्कृति एजुकेशनल एकेडमी में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी ममता पंत के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य दिव्या तिवारी ने की।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी ममता पंत ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम 2012 यानी पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए बताया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि कानून बच्चों की सुरक्षा के लिए किस प्रकार काम करता है और पीड़ित बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता कैसे उपलब्ध कराई जा सकती है। बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने और कानूनी सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम में केवल बाल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, स्थायी लोक अदालत, राष्ट्रीय लोक अदालत और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, नालसा टोल फ्री नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में पराविधिक कार्यकर्ता राजकुमारी, गोपाल सिंह गौतम तथा दिनेशपुर चौकी से एसआई होशियार सिंह और कांस्टेबल रणजीत लाल ने भी विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और विधिक सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विद्यालय प्रशासन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *