कांग्रेस ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का किया भव्य स्वागत, विधायक कापड़ी ने एकजुटता का आह्वान किया

कांग्रेस ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का किया भव्य स्वागत, विधायक कापड़ी ने एकजुटता का आह्वान किया

खटीमा नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नगर कांग्रेस कमेटी के संरक्षक मंडल, नवनियुक्त नगर कांग्रेस कमेटी, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की नगर एवं ब्लॉक कमेटी तथा किसान कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

समारोह में प्रदेश महासचिव अल्पसंख्यक विभाग विजय शंकर यादव, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव हर्ष बहादुर चंद, विधानसभा अध्यक्ष सुखविंदर पंढेर, ब्लॉक अध्यक्ष नितिन राणा, मेहंदी हसन, मुकेश मोहन शर्मा, बाबुद्दीन, जावेद अंसारी, पप्पू अली, प्रकाश बिष्ट, संदीप कांडपाल, पंकज टम्टा, रोहित राणा सहित दो दर्जन से अधिक नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। सभी को पार्टी की टोपी और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता, सक्रियता और समर्पण पर निर्भर करती है। कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता ही उसकी असली ताकत है। सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा से जनता के बीच जाकर कांग्रेस की विचारधारा एवं नीतियों को पहुंचाएं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।

उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। बूथ ही संगठन की नींव है, इसलिए बूथ को मजबूत करना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता की समस्याएं सुनें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।

विधायक कापड़ी ने इस दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था चरम पर है। जनता भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुकी है और बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और जनता को राहत मिलेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और आम आदमी के हितों की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी लड़ती रहेगी।

कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने विधायक कापड़ी का आभार व्यक्त किया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।

स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने और आगामी चुनावों में कांग्रेस को जीत दिलाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *