पंजाबी मंदिर में धूमधाम से मना करवा चौथ, सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र के लिए रखा व्रत
करवा चौथ के पावन अवसर पर आज वार्ड नंबर 14 पंजाबी कॉलोनी स्थित पंजाबी मंदिर में पंजाबी समाज सहित विभिन्न समाजों की सैकड़ों सुहागिन महिलाओं ने करवा माता की पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का व्रत रखा।
सुबह से ही मंदिर परिसर में महिलाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सर्वप्रथम गणेश आराधना के साथ पूजा-अर्चना प्रारंभ की गई। इसके बाद महिलाओं ने भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश जी एवं कार्तिकेय भगवान की विधि-विधान से पूजा की। करवा माता के समक्ष एक दिवसीय निर्जल व्रत का संकल्प लेकर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सुहाग की कामना की।
देर रात्रि भगवान चंद्र की आराधना और पूजा-अर्चना के साथ महिलाओं ने अपना करवा चौथ व्रत पूर्ण किया। चांद निकलने के बाद छलनी से चंद्रमा और पति के दर्शन कर व्रत खोला गया।
मान्यता के अनुसार एक पतिव्रता स्त्री अपने पति के साथ नदी पार करते समय जब मगरमच्छ ने उसके पति का पैर पकड़कर पानी में खींचना शुरू किया, तो स्त्री ने अपने करवा धागे से मगरमच्छ का मुंह बांध दिया और अपने सतीत्व के बल पर पति के प्राण बचाए। मृत्यु निश्चित होने पर भी पत्नी द्वारा पति के जीवन को बचा लेने पर प्रसन्न होकर यमराज ने मगरमच्छ को यमलोक भेज दिया और करवा व्रत रखने वाली स्त्री के पति को जीवनदान दिया। इसी मान्यता के अनुसार आज के दिन सुहागिन महिलाएं करवा व्रत रखती हैं।
इस अवसर पर पंजाबी महासभा की कुमाऊं अध्यक्ष सोनिया सुनेजा, नगर अध्यक्ष आरती डाबर, महामंत्री पूजा बत्रा, कोषाध्यक्ष दीप्ति ग्रोवर, पूजा वाधवा, श्वेता राणा, सारिका बत्रा, पायल रावल, वंदना बत्रा, श्वेता डाबर, किरण मेहंदीरत्ता, उर्मिल बत्रा, सुनीता डाबर, राखी छाबड़ा, मोनिका ढींगरा, आरती बत्रा, श्वेता बत्रा, रितु बत्रा, नीना बत्रा, अंजू बत्रा, डॉ. दामिनी अरोड़ा, पिंकी बिष्ट अरोड़ा, गुंजा बत्रा, अंजलि अरोड़ा, चेतन डाबर, चेतन बत्रा सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।