स्वदेशी दीपावली मेले में बढ़ी रौनक, खरीदारी को उमड़ रहे लोग; मुख्य विकास अधिकारी ने स्टॉलों का किया अवलोकन
रुद्रपुर नगर निगम द्वारा श्रीराम पार्क में आयोजित स्वदेशी दीपावली मेला-2026 अब परवान पर है। स्वदेशी उत्पादों से सजे 430 स्टॉलों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले के आकर्षण में चार चांद लगा रहे हैं।
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत लघु व्यापारियों को प्रोत्साहन और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सौजन्य से नगर निगम द्वारा मेले का आयोजन किया गया है।

बुधवार शाम मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी मुख्य अतिथि के रूप में मेले में पहुंचे। महापौर विकास शर्मा ने उनका स्वागत कर स्मृति चिह्न भेंट किया। सीडीओ ने स्टॉलों का अवलोकन कर व्यापारियों से उनके उत्पादों और कारोबार की जानकारी ली और नगर निगम की पहल की सराहना की।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि दीपावली पर लघु व्यापारियों को व्यवस्थित मंच देना नगर निगम का उद्देश्य है, ताकि वे अच्छी आमदनी अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजारों में अस्थायी दुकानों से जाम की समस्या होती है, जिसे देखते हुए श्रीराम पार्क में व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराया गया है, जिससे व्यापारियों को कारोबार का स्थान मिलेगा और यातायात व्यवस्था भी बाधित नहीं होगी। उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की।
सीडीओ दिवेश शासनी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय व्यापारियों को सीधा लाभ पहुंचाते हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इस दौरान मेले के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।