नानकमत्ता सीट से प्रत्याशी घोषित होने पर पांगती का भव्य स्वागत, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का लिया संकल्प

नानकमत्ता सीट से प्रत्याशी घोषित होने पर पांगती का भव्य स्वागत, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का लिया संकल्प

नानकमत्ता: उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की ओर से नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में दीपावली मिलन एवं प्रत्याशी स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। वर्ष 2012 के बाद पहली बार नानकमत्ता सीट से दल द्वारा कैलाश सिंह पांगती को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किए जाने पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।

समारोह में उक्रांद नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के कार्यकर्ता लंबे समय से स्थानीय नेतृत्व को अवसर देने की मांग कर रहे थे, जिसे शीर्ष नेतृत्व ने स्थानीय प्रत्याशी घोषित कर सम्मान दिया है। पत्रकारों से वार्ता में प्रत्याशी कैलाश सिंह पांगती ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण से लेकर उसके विकास तक उक्रांद का संघर्ष जारी रहा है। गैरसैंण को प्रदेश की स्थायी राजधानी घोषित करना पार्टी का प्रमुख एजेंडा है और सत्ता में आने पर गैरसैंण में ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा भी पार्टी का मूल संकल्प है।

पांगती ने कहा कि 1982 से लंबित थारू और गैर-थारू भूमि विवाद नानकमत्ता की प्रमुख समस्या है, जिसके समाधान में राष्ट्रीय दल विफल रहे हैं। उक्रांद की सरकार बनने पर भूमि का कब्जा-तस्दीक कर दस्तावेजीकरण कराया जाएगा, जिससे लोगों को मालिकाना हक के साथ बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने क्षेत्र की बदहाल सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी राष्ट्रीय दलों पर निशाना साधा। उक्रांद नेताओं ने दावा किया कि जनता राष्ट्रीय दलों की नीतियों से परेशान है और 2027 के विधानसभा चुनाव में उक्रांद भारी जीत दर्ज कर प्रदेश में सरकार बनाएगा। प्रत्याशी घोषणा के बाद क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *