किच्छा तहसील में हर्षोल्लास से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस, आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान

किच्छा तहसील में हर्षोल्लास से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस, आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर किच्छा तहसील परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में राज्य निर्माण आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ एवं उपजिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर विधायक और एसडीएम ने आंदोलनकारियों को शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके संघर्ष को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी नारायण सिंह जंतवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आंदोलनकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

अपने संबोधन में विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने राज्य आंदोलन के संघर्षपूर्ण दिनों को याद करते हुए कहा कि आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर अलग राज्य का सपना साकार किया। उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सभी से सहयोग की अपील की।

उपजिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने कहा कि उत्तराखंड आज विकास की नई इबारत लिख रहा है। प्रदेश अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की निरंतर प्रगति के लिए सभी की सहभागिता और सहयोग आवश्यक है।

इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने भी अपने संघर्ष के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से अलग राज्य की मांग की गई थी, उसे साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने विकसित एवं समृद्ध उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *