भारत का दुश्मन लतीफ भट कश्मीर में घिर गया, CRPF कैंप पर हमला करने वाले के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन
श्रीनगर। CRPF यानी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कैंप पर हमला करने वाले आतंकवादी लतीफ भट के खिलाफ पुलिस और सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन जारी है। खबर है कि बुधवार को हुए इस ऑपरेशन में वह घिर गया है। बीते कई दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी।
जम्मू और कश्मीर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने बड़े ऑपरेशन की शुरुआत कर दी है। खबर है कि इस अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट घिर गया है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। कहा जा रहा है कि भट ने ही साथियों के साथ मिलकर 11 नवंबर को CRPF कैंप पर हमला किया था।
खास बात है कि सोमवार को भी आतंकियों के साथ पुलिस और सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई थी। माना जा रहा है कि उस एनकाउंटर में भारत में लश्कर का आखिरी जीवित कमांडर लतीफ भट भाग निकला था। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है। हालांकि, लारू में हुए एनकाउंटर में उसका एक साथी मारा गया था।
6 महीने तक दी थी लतीफ भट को पनाह
अधिकारियों के मुताबिक, आतंकी उमर निसार डार ने करीब छह महीने तक लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, डार पहले ब्रेड बनाने का काम करता था और उसके परिवार ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में वह मारा गया।
बताया जा रहा है कि उसने मारे जाने से महज एक हफ्ते पहले ही ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ में शामिल हुआ था। टीआरएफ पाकिस्तान स्थित लश्कर का ही एक गुट है। जांच में पता चला कि डार, लतीफ भट के साथ मिलकर काम कर रहा था। उसने भट को पनाह दी। दोनों ने रेकी की और अखरान गांव में सीआरपीएफ की टुकड़ी पर हमला किया, जिसमें तीन जवान घायल हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक, 10 और 11 नवंबर के सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला है कि डार और भट अलग-अलग जगहों पर लगे कई कैमरों में कैद हुए थे।
लतीफ भट पहले भी रहा हमलों में शामिल
लश्कर कमांडर भट उन वांछित आतंकवादियों में शामिल है, जिस पर दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों पर हुए हमलों में शामिल होने का आरोप है, जिनमें हाल ही में अखरान में सीआरपीएफ नाके पर हुआ हमला भी शामिल है। 11 नवंबर को रिकॉर्ड किए गए सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने डार और भट दोनों को कई स्थानों पर देखा।
सूत्रों ने कहा, फुटेज में अखरान हमले से पहले रेकी करने और उसके बाद भागने के दौरान उनकी गतिविधियां दर्ज हुई हैं।
हमले से पहले कई इलाकों की रेकी
डार और भट ने मिलकर अखरान गांव में CRPF कैंप पर हमला किया था। इससे पहले दोनों ने इलाके की रेकी की थी। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने 10 नवंबर को मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई स्थानों की रेकी की थी। माना जा रहा है कि इसका उद्देश्य संभावित ठिकानों की पहचान करना और सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बनाना था।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।