सिक्यूरिटी सर्विस का अधिकारी बन ईस्टर फैक्ट्री में घुसे दो संदिग्ध, केस दर्ज
खटीमा | खटीमा के चारुबेटा स्थित ईस्टर इंडस्ट्रीज लिमिटेड में सुरक्षा व्यवस्था को भेदने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो संदिग्ध युवकों ने खुद को नेशनल सिक्यूरिटी सर्विस, लखनऊ का अधिकारी बताकर फैक्ट्री के अंदर घुसने का प्रयास किया। जब ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उनसे पहचान पत्र और अधिकृत अनुमति पत्र मांगा तो वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद वे वहां से चले गए, लेकिन अगले दिन फैक्ट्री की आवासीय कॉलोनी के पीछे लगी कटीली तार को काटकर अंदर घुसने का प्रयास किया गया। दोनों घटनाओं को लेकर ईस्टर के सुरक्षा अधिकारी ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ईस्टर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सुरक्षा अधिकारी मुत्तप्पा औरसंग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे दो संदिग्ध व्यक्ति फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर पहुंचे। दोनों ने खुद को नेशनल सिक्यूरिटी सर्विस, लखनऊ शाखा का अधिकारी बताया और कहा कि वे कंपनी के अंदर सुरक्षा पोस्टों का निरीक्षण करने आए हैं। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों से गेट खोलने और अंदर जाने की अनुमति मांगी।
तहरीर के अनुसार, जब ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उनसे पहचान पत्र और विभागीय अनुमति पत्र दिखाने को कहा तो दोनों कोई भी कागज नहीं दिखा पाए। पूछताछ में वे टालमटोल करने लगे और संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सुरक्षा कर्मियों को दोनों नशे की हालत में भी लगे। शक होने पर कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद दोनों ने सुबह आने की बात कही और वहां से चले गए।
मामला यहीं नहीं रुका। अगले दिन 22 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे कंपनी की आवासीय कॉलोनी परिसर में सी-4 ब्लॉक के पीछे कटीली तार कटी हुई मिली। आशंका जताई जा रही है कि उसी रात वाले दोनों संदिग्धों ने ही गलत इरादे से कॉलोनी में प्रवेश करने के लिए तार काटी थी। कॉलोनी में कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी अपने परिवारों के साथ रहते हैं, इसलिए इस घटना के बाद वहां रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
सुरक्षा अधिकारी ने तहरीर में कहा है कि दोनों ही घटनाओं को एक साथ देखने पर ऐसा प्रतीत होता है कि संदिग्धों ने कंपनी और आवासीय कॉलोनी में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से रेकी की और घुसपैठ का प्रयास किया। पहले अधिकारी बनकर अंदर जाने की कोशिश और फिर तार काटकर कॉलोनी में घुसने का प्रयास, दोनों ही घटनाएं सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर हैं।
इस घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने फैक्ट्री और कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। मुख्य द्वार के साथ-साथ कॉलोनी के आसपास भी गश्त बढ़ा दी गई है। सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि बिना पहचान पत्र और लिखित अनुमति के किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर प्रवेश न दिया जाए। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके।
कोतवाल कमल कुमार लुंठी ने बताया कि ईस्टर के सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर अज्ञात दो व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। पुलिस फैक्ट्री के मुख्य द्वार और कॉलोनी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।
इधर, इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ईस्टर जैसी बड़ी फैक्ट्री में इस तरह घुसपैठ का प्रयास चिंता का विषय है। पुलिस को क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ानी चाहिए। वहीं कंपनी के कर्मचारियों ने भी प्रशासन से कॉलोनी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।