प्राचार्य के तबादले तथा विद्यालय की अव्यवस्थाओं से आक्रोशित बच्चों ने किया विरोध प्रदर्शन, बैठे धरने पर।
छात्र-छात्राओं के धरने के बाद निदेशालय ने लिया संज्ञान, पृथक जांच के निर्देश।
खटीमा, ऊधम सिंह नगर, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खटीमा की अव्यवस्थाओं तथा प्राचार्य की मनमानी रवैया को लेकर आक्रोशित छात्र-छात्राओं विद्यालय गेट पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया तथा धरने पर बैठ गए। वहीं विरोध प्रदर्शन और धरने के बाद निदेशालय जनजाति कल्याण, उत्तराखंड ने मामले में कार्रवाई करते हुए विद्यालय की प्राचार्य भारती यादव को तत्काल प्रभाव से जिला जनजाति कल्याण अधिकारी, ऊधमसिंह नगर कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की पृथक जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता, बिजली-पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई, जलभराव और परिसर में उगी झाड़ियों समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई थी। विद्यार्थियों ने समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर तीन दिन तक धरना दिया। धरने के दौरान विद्यालय में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। मामले की सूचना मिलने पर जिला जनजाति कल्याण अधिकारी विरेंद्र कुमार व तहसीलदार वीरेंद्र सजवाण टीम के साथ एकलव्य आवासीय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विद्यालय में सामने आई व्यवस्थागत अनियमितताओं का जायजा लिया। तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों से भी वार्ता कर मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद राज्य दर्जा मंत्री मोहनी पोखरिया, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य रंदीप पोखरिया, उपनेता प्रतिपक्ष एवं विधायक भुवन चंद्र कापड़ी तथा नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा भी धरना स्थल पर पहुंचे और विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। प्रकरण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचने के बाद अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निदेशालय जनजाति कल्याण की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्राचार्य भारती यादव के संबंध में स्थानीय जनजाति प्रतिनिधियों, अभिभावकों तथा छात्र-छात्राओं की ओर से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। विद्यार्थियों और अभिभावकों में व्याप्त आक्रोश को देखते हुए प्रधानाचार्य को अग्रिम आदेशों तक जिला जनजाति कल्याण अधिकारी के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। विद्यालय की तत्कालिक व्यवस्था के लिए पीजीटी गणित के शिक्षक रोशन झिंगवान को प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। निदेशालय ने पूरे मामले की पृथक जांच कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
