परिवहन विभाग का सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण, दुर्घटनाओं को रोकने पर दिया जोर

परिवहन विभाग का सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण, दुर्घटनाओं को रोकने पर दिया जोर

हल्द्वानी संभाग के परिवहन सहायक निरीक्षकों एवं परिवहन आरक्षियों के लिए शुक्रवार को होटल वीनस, रामपुर रोड, ऊधमसिंहनगर में एक दिवसीय सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन हल्द्वानी संभाग गुरदेव सिंह और संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा हल्द्वानी संभाग अरविंद पांडेय ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

प्रशिक्षण दो सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में विभागीय नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई, जबकि द्वितीय सत्र सड़क सुरक्षा पर केंद्रित रहा। इस दौरान प्रवर्तन कार्मिकों द्वारा पूछे गए सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान कर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

सहायक निदेशक सड़क सुरक्षा, परिवहन विभाग नरेश सांगल ने ‘रोड सेफ्टी एंड ओवरव्यू ऑन रोड एक्सीडेंट इन उत्तराखंड’ विषय पर और जेपी रिसर्च इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर सुमित ढुल ने ‘साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट’ विषय पर प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी।प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य राज्य में हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति को रोकना, दुर्घटनाओं में घायलों और मृतकों की संख्या में प्रभावी कमी लाना तथा विभागीय कार्मिकों को इस दिशा में दक्ष बनाना रहा।

अपने संबोधन में संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि सभी प्रवर्तन कार्मिक दुर्घटनाओं के कारणों की बारीकियों को समझें और अपने दैनिक कार्यों में उनका उपयोग कर दुर्घटनाओं की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जनपद में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सड़क हादसों को न्यूनतम करना है। प्रतिभागियों को विभागीय नियमों और सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में प्रशिक्षित किया गया, ताकि सड़क सुरक्षा के मूल उद्देश्य को पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण के माध्यम से सभी कार्मिकों को अपने दायित्वों के प्रति जागरूक कर निष्ठापूर्वक निर्वहन का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन ऊधमसिंहनगर मोहित कोठारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ऊधमसिंहनगर नवीन कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन काशीपुर संदीप वर्मा, परिवहन कर अधिकारी आशुतोष डिमरी सहित संभाग के 40 परिवहन सहायक निरीक्षक एवं परिवहन आरक्षियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त परिवहन आयुक्त, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन एवं संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अंत में संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अरविंद पांडेय ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *