चम्पावत में मंदिरों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चार मंदिरों की चोरी का खुलासा

चम्पावत में मंदिरों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चार मंदिरों की चोरी का खुलासा

जनपद चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नवरात्र से पूर्व क्षेत्र के चार मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी की शत-प्रतिशत सामग्री बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहाघाट पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।

मुकदमा दर्ज कर गठित की गई थी टीमें
मंदिरों में हुई चोरी के संबंध में प्रदीप सिंह देव और विशन मुरारी की तहरीर पर थाना लोहाघाट में मुकदमा संख्या 37/26 और 38/26 दर्ज किए गए थे। घटनाओं के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस की दो अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 29 अक्टूबर 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें अनुज सिंह फर्त्याल को टाककरायत तिराहे से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे तथा सचिन सिंह देव को बिसंग तिराहे पर लकड़ी के खोखे के पास से गिरफ्तार किया गया।

चार मंदिरों से चोरी किया था सामान
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कर्णकरायत स्थित कढ़ाई मंदिर, ग्राम मोत्यूराज के भूमिया मंदिर, ग्राम झलानदेव के महादेव मंदिर और ग्राम कालादेव के इष्टदेव मंदिर को निशाना बनाया था।

बरामद सामग्री में कढ़ाई मंदिर से पीली धातु के दो मोर, दो चेन, लोहे का मूसल, पांच घंटियों की लटकन, पीतल का दीपक, दो पीतल की घंटियां, माता दुर्गा की मूर्ति, सफेद धातु का डिजाइनदार छत्र और पेचकस शामिल हैं। वहीं भूमिया मंदिर के दानपात्र से चोरी किए गए 1,500 रुपये, महादेव मंदिर से चोरी किए गए तांबे के पांच कलश तथा इष्टदेव मंदिर से चोरी किए गए तांबे के चार कलश और पीतल का एक भड्डू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर बरामदगी सूची तैयार की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
1. अनुज सिंह फर्त्याल (23 वर्ष), पुत्र गोकुल सिंह फर्त्याल, निवासी ग्राम कलचौड़ा, थाना लोहाघाट, जनपद चम्पावत।
2. सचिन सिंह देव (25 वर्ष), पुत्र मदन सिंह देव, निवासी ग्राम झलानदेव, पोस्ट कर्णकरायत, थाना लोहाघाट, जनपद चम्पावत।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुन्दन सिंह बोरा, अपर उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह मेहरा, धर्मेन्द्र प्रसाद सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *