धनतेरस पर खटीमा बाजार में बढ़ी रौनक,खरीदारी को उमड़े ग्राहक; बर्तन और आभूषण की दुकानों पर दिखी भीड़
खटीमा दीपावली और धनतेरस पर्व को लेकर खटीमा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में जमकर रौनक देखने को मिल रही है। धनतेरस के अवसर पर बुधवार को खटीमा का मुख्य बाजार सुबह से ही ग्राहकों से खचाखच भरा नजर आया। बाजार की हर गली और दुकान पर ग्राहकों की चहल-पहल से त्योहारी उल्लास का माहौल बना रहा। धनतेरस के दिन बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, मिठाई, दीपक, झालर और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही परिवारों के साथ लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने लगे। दुकानदारों ने भी त्योहार को देखते हुए पहले से ही विभिन्न प्रकार के सामानों का पर्याप्त स्टॉक तैयार कर रखा था, ताकि ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मान्यता के अनुसार धनतेरस के दिन नए बर्तन, सोने-चांदी, वाहन और अन्य शुभ वस्तुओं की खरीदारी करना अत्यंत मंगलकारी माना जाता है। कहा जाता है कि इस दिन की गई खरीदारी से घर में सुख-समृद्धि और लक्ष्मी का वास होता है। इसी परंपरा और आस्था के चलते हर वर्ष धनतेरस पर बाजारों में विशेष रौनक रहती है। महिलाएं जहां बर्तन और आभूषणों की खरीदारी में व्यस्त दिखीं, वहीं युवाओं में इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोबाइल और सजावटी लाइटों को लेकर खासा उत्साह देखा गया। व्यापारियों के अनुसार इस बार बाजार में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक ग्राहक आ रहे हैं। दीपावली के लिए दीये, झालर, रंगोली के रंग, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और सजावटी सामानों की बिक्री में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है। मिठाई की दुकानों पर भी सुबह से ही ग्राहकों की कतारें लगी रहीं। कारोबारियों के चेहरे पर इस रौनक से खुशी साफ झलक रही थी। उनका कहना है कि धनतेरस पर अच्छा कारोबार होने से दीपावली तक बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।
वहीं, त्योहारी सीजन में बाजार में बढ़ती भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था और पार्किंग की चुनौती भी बढ़ गई है। मुख्य बाजार, स्टेशन रोड और थाना चौक क्षेत्र में दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि प्रशासन और पुलिस द्वारा यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती कर भीड़ को नियंत्रित करने और सुचारू आवागमन बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। कुल मिलाकर धनतेरस और दीपावली को लेकर खटीमा के बाजारों में ग्राहकों का सैलाब और उत्सव का माहौल है। देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में बहुत अच्छी रौनक और चहल-पहल है और सभी का काम ठीक चल रहा है। ग्राहकों में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है।