गौवंश का शव डैम में फेंकने से मचा हड़कंप, पुलिस के सहयोग से कराया गया अंतिम संस्कार

पीलीभीत।रमनगरा। ग्राम पंचायत रमनगरा में मंगलवार रात गौ सेवा को लेकर एक संवेदनशील मामला सामने आया। रात करीब 7:30 बजे सड़क किनारे एक मृत गौवंश पड़े होने की सूचना गौ सेवा रेस्क्यू टीम को मिली। सूचना मिलते ही टीम के पदाधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गौवंश के सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाई।गौ सेवा रेस्क्यू टीम के अध्यक्ष देवांश सरकार ने बताया कि सूचना मिलने के समय वह भोजन करने बैठे थे, लेकिन जैसे ही उन्हें सड़क किनारे मृत गौवंश पड़े होने की जानकारी मिली, उन्होंने बिना देर किए मौके पर पहुंचने का निर्णय लिया। करीब 10 मिनट बाद वह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां मृत गौवंश मौजूद नहीं था। जानकारी जुटाने पर पता चला कि कुछ लोगों ने मृत गौवंश को सड़क किनारे से उठाकर डैम के अंदर फेंक दिया था।इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों द्वारा टीम के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने से मामला तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए देवांश सरकार ने रमनगरा पुलिस चौकी के प्रभारी मनोज कुमार तोमर को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। सूचना मिलने पर चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में सहयोग किया।अंततः रमनगरा पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों के सहयोग से मृत गौवंश का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। इस दौरान गौ सेवा रेस्क्यू टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए चौकी प्रभारी मनोज कुमार तोमर सहित समस्त पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया।देवांश सरकार ने कहा कि गौ सेवा उनके लिए किसी प्रकार का दिखावा नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। परिस्थितियां कैसी भी हों, गौवंश के सम्मान, सेवा और संरक्षण के लिए उनकी टीम हमेशा तत्पर रहेगी।इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर मृत पशुओं के सम्मानजनक निस्तारण और सामाजिक संवेदनशीलता की आवश्यकता को सामने रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *