खटीमा में लापता युवक की हत्या का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल, नशे के इंजेक्शन को लेकर हुआ विवाद, गला घोंटकर हत्या कर शव गटर में छिपाया; एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
ऊधम सिंह नगर के खटीमा कोतवाली क्षेत्र से सात नवंबर से लापता 20 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में की थी। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए खटीमा पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का शव बरामद किया है।
मृतक की पहचान अभय उर्फ लल्लू (20 वर्ष) पुत्र स्व. राजू, निवासी शिव कॉलोनी, खटीमा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अभय सात नवंबर की रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद नौ नवंबर को उसके भाई रवि ने कोतवाली खटीमा में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की तो मृतक के करीबी दोस्त संजय गुप्ता पर शक गहराया। पुलिस ने संजय गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। सात नवंबर की रात दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले थे और कॉलोनी के पीछे खाली मैदान में चले गए। वहां दोनों स्मैक के सेवन के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन नीचे गिर गया और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए मृतक के पास से करीब 2300 रुपये नकद और उसका मोबाइल फोन ले लिया और शव को घटनास्थल से करीब 15 से 20 मीटर दूर एक गटर में छिपा दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहकर वापस कर दिया कि उसे रास्ते में पड़ा मिला था। चोरी की गई रकम में से आरोपी ने 1700 रुपये खर्च कर दिए।
आरोपी संजय गुप्ता (25 वर्ष) पुत्र रामसागर गुप्ता, निवासी शिव कॉलोनी वार्ड नंबर-17, खटीमा की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा और बचे हुए 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ खटीमा थाने में वर्ष 2021, 2023 और 2025 में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।