खाद वितरण के नए नियमों के विरोध में कांग्रेसियों ने समिति कार्यालय में किया प्रदर्शन
शक्तिफार्म। सहकारी समितियों के माध्यम से हो रहे खाद वितरण में आ रही दिक्कतों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम आचार्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को किसान सेवा सहकारी समिति देवनगर (शक्तिफार्म) पर धरना-प्रदर्शन किया और समिति कार्यालय में सांकेतिक तालाबंदी कर विरोध जताया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन समिति के सचिव को सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई फार्मर आईडी नीति और नई व्यवस्था से अन्नदाता परेशान हैं। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के हजारों किसान रोजगार के सिलसिले में प्रदेश से बाहर रहते हैं, जबकि उनके परिजन गांव में खेती संभालते हैं।
बाहर रहने वाले किसानों के परिजन हो रहे परेशान
नए नियमों के कारण परिजनों को खाद लेने में भारी कठिनाई हो रही है। पहले किसान का कोई भी परिजन आधार कार्ड या खाता बही दिखाकर खाद ले लेता था, लेकिन अब फार्मर आईडी और ई-टोकन की अनिवार्यता के कारण परिजनों को खाद नहीं मिल पा रही है। कई किसान प्रदेश से बाहर नौकरी करते हैं। उनके पिता, पत्नी या भाई गांव में खेती करते हैं, लेकिन उनका नाम भूमि रिकॉर्ड में नहीं होने के कारण उन्हें टोकन ही जारी नहीं हो रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि इससे गेहूं की बुआई का काम पिछड़ रहा है। समय पर खाद न मिलने से किसानों को भारी नुकसान होगा।
बटाई और ठेके पर खेती करने वालों का क्या होगा
इसके अलावा वर्ग-4 की भूमि, बटाई और ठेके पर खेती करने वाले हजारों किसानों को खाद कैसे मिलेगी, इसका कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। शक्तिफार्म क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान बटाई और ठेके पर खेती करते हैं। उनके पास अपनी भूमि नहीं है, लेकिन वे वर्षों से खेती कर रहे हैं। नई व्यवस्था में उन्हें खाद देने का कोई रास्ता नहीं बताया गया है।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने बिना जमीनी हकीकत समझे नियम बना दिए हैं। इससे छोटे और सीमांत किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
एफएफएस ऐप बना जी का जंजाल
कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश किसान स्मार्टफोन और तकनीक के जानकार नहीं हैं। ऐसे में ‘एफएफएस ऐप’ आधारित ई-टोकन और क्यूआर कोड प्रणाली उनके लिए जी का जंजाल बन गई है। ऐप में भूमि का पूरा विवरण दर्ज न होने से किसानों को ई-टोकन जारी नहीं हो पा रहे हैं।
कई बार सर्वर डाउन हो जाता है, तो कई बार ऐप में ही भूमि का रिकॉर्ड गलत दिखाता है। किसान सुबह से शाम तक समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही है। बुजुर्ग किसानों के लिए तो यह व्यवस्था और भी मुश्किल हो गई है।
पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुरानी व्यवस्था के तहत खाद वितरण शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जब तक फार्मर आईडी का काम पूरी तरह पूरा नहीं हो जाता और सभी किसानों का रिकॉर्ड सही नहीं हो जाता, तब तक पुरानी व्यवस्था से ही खाद दी जाए। साथ ही समितियों पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराया जाए।
ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम आचार्य ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। किसानों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक आंदोलन किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
यहां पूर्व दर्जाधारी बलवंत बोरा, सितारगंज नगर अध्यक्ष सरताज अहमद, सपना ओझा, विष्णु तरफदार, आजम मलिक, जिलानी अंसारी, मनोज सुतार, दुलाल मण्डल, गुरमीत सिंह, प्रभाष गोल्दार, कुलवंत सिंह, विनोद कुमार, अविनाश सुकुमार, अमित सरकार, श्रीकांत मिस्त्री, विष्णु तरफदार, भगवान पाण्डे, नारायण सरकार मौजूद रहे।