कांग्रेस में मुझसे भी कई खूबसूरत चेहरे; CM फेस पर हरीश रावत का जवाब, 45 पार का नारा भी
हल्द्वानी। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बड़ा बयान दिया है। नैनीताल रोड स्थित एक निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी में उनसे भी खूबसूरत कई चेहरे हैं। मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इसका फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस सामूहिक जिम्मेदारी की रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है।
हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत पार्टी में कई वरिष्ठ नेता हैं। इसके अलावा शीर्ष नेतृत्व ने अलग-अलग जिम्मेदारियों के लिए कई कमेटियों का गठन किया है। पार्टी सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी कांग्रेस
हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस इस बार किसी एक चेहरे के भरोसे नहीं, बल्कि सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास अनुभवी और युवा, दोनों तरह के नेता हैं। हर नेता को उसकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी दी जा रही है। चुनाव के बाद विधायक दल और हाईकमान मिलकर मुख्यमंत्री का फैसला करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की तरह कांग्रेस में सीएम फेस को लेकर कोई खींचतान नहीं है। सभी नेता एकजुट हैं और एक ही लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। प्रदेश की जनता को बदलाव चाहिए और कांग्रेस उस बदलाव का माध्यम बनेगी।
कांग्रेस का लक्ष्य 45 से अधिक सीट
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार उत्तराखंड में 45 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है। भाजपा की तरह 65 पार का दावा नहीं करेंगे, क्योंकि उनके अनुसार यह लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है। लेकिन कांग्रेस 45 पार जरूर करेगी।
हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से नाराज है। महंगाई, बेरोजगारी, महिला अपराध और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार विफल रही है। जनता अब कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।
राहुल-प्रियंका का दौरा जल्द
हरीश रावत ने यह भी बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जल्द उत्तराखंड का दौरा कर सकते हैं। उनके दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और चुनावी तैयारियों को गति मिलेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला था। अब जल्द ही पार्टी बैठक अभियान शुरू करेगी। इसके तहत कार्यकर्ता और पदाधिकारी लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं और स्थानीय मुद्दे सुनेंगे। उन्होंने बताया कि महिला अपराध, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में अभियान और श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रम चलाएगी।
विधायक की सुरक्षा से खिलवाड़ चिंताजनक
धारचूला विधायक हरीश धामी के गनर बदले जाने के मामले पर भी हरीश रावत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी विधायक की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के एक विधायक को आपराधिक मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे मामलों में सरकार और पुलिस को गंभीरता से काम करना चाहिए। जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
नैनीताल पुलिस पर एस्कॉर्ट को लेकर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने नैनीताल पुलिस पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी दौरे के दौरान उन्हें मानकों के अनुरूप पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन किया जाना चाहिए।
हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से मिलेंगे और भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे। पार्टी का फोकस स्थानीय मुद्दों पर रहेगा।