गश्त के दौरान वन कर्मियों को मिले खून के निशान और बाघ के पगचिह्न, मृतक की शिनाख्त में जुटी पुलिस
Riporter-Arvind Kumar
खटीमा। सुरई वन क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटनास्थल के आसपास बाघ के पगचिह्न मिलने से युवक की मौत बाघ के हमले में होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम सरपुड़ा रमकोला से लगे सुरई वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सुरई बीट संख्या-05 के पास कर्मचारियों को खून के निशान और एक जोड़ी चप्पल दिखाई दी। आसपास तलाशी लेने पर 90 नेपाली रुपये भी बरामद हुए। वन कर्मियों ने खून के निशानों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर काले रंग का पायजामा मिला।इसके बाद वन विभाग की टीम ने जंगल में तलाश अभियान तेज किया। इसी दौरान कंपार्टमेंट संख्या-47 में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव के आसपास बाघ के पगचिह्न मिलने से प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई गई कि बाघ ने युवक पर हमला किया और उसे घसीटकर जंगल के अंदर ले गया।घटना की सूचना पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वन विभाग की टीम ने मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।वहीं, सत्रहमील पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरने के बाद खटीमा उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस और वन विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। मृतक की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।