‘मेरे सामने कई लड़के मारे गए’, धोखेबाज रूस के चंगुल में फंसा भारतीय; यूक्रेन के सामने किया आत्मसमर्पण
नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक और भारतीय नागरिक के यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण करने का मामला सामने आया है। पंजाब के जालंधर के रहने वाले 40 वर्षीय गुरप्रीत सिंह रंधावा को यूक्रेनी सेना ने अपने कब्जे में लिया है। आरोप है कि उन्हें रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया और बाद में रूसी सेना में भर्ती कर युद्ध के मोर्चे पर भेज दिया गया।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन में मौजूद सूत्रों के हवाले से गुरप्रीत सिंह रंधावा की पहचान की गई है। इसी सप्ताह यूक्रेन के यूट्यूबर वोलोदिमिर जोल्किन ने उनका करीब एक घंटे का इंटरव्यू भी किया। जोल्किन इससे पहले भी रूसी सेना के कब्जे में आए कई युद्धबंदियों का इंटरव्यू कर चुके हैं। इंटरव्यू के दौरान गुरप्रीत कई बार भावुक होकर रो पड़े। इस वीडियो को यूक्रेन सरकार की परियोजना ‘आई वांट टू लिव’ ने भी शेयर किया है। यह परियोजना युद्धबंदियों के मामलों से जुड़े यूक्रेनी सरकारी समन्वय मुख्यालय के तहत काम करती है।
सोशल मीडिया पर नौकरी का विज्ञापन देखकर रूस पहुंचे थे गुरप्रीत
यूक्रेन की ‘आई वांट टू लिव’ परियोजना के मुताबिक, गुरप्रीत सिंह रंधावा को रूस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा था, जिसमें कपड़ों की फैक्ट्री में ड्राइवर की नौकरी देने का वादा किया गया था। इसके बाद उन्होंने नौकरी के लिए आवेदन किया। एक रिक्रूटर ने उन्हें रोजगार दिलाने का भरोसा दिया।
परियोजना की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार गुरप्रीत को रूस जाने के लिए टूरिस्ट वीजा दिलाने में मदद की गई। उनके लिए हवाई टिकट खरीदे गए। रूस पहुंचने पर दिखाने के लिए उन्हें 500 डॉलर भी दिए गए। 26 अगस्त 2026 को उन्होंने रूसी सशस्त्र बलों के साथ सैन्य सेवा का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया।
परियोजना के मुताबिक, दिल्ली से रूस पहुंचने के बाद गुरप्रीत और दूसरे विदेशी नागरिकों को समारा क्षेत्र में रूसी गृह मंत्रालय की चिकित्सा इकाई के अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका मेडिकल परीक्षण हुआ और उनसे सैन्य सेवा के अनुबंध पर हस्ताक्षर कराए गए।
भारतीय और नेपाली नागरिकों के साथ हुई सैन्य ट्रेनिंग
गुरप्रीत को रूसी सेना की 27वीं मोटर राइफल डिवीजन की 589वीं मोटर राइफल रेजिमेंट में तैनात किया गया था। ट्रेनिंग के दौरान उनके साथ करीब 100 विदेशी नागरिक मौजूद थे। इनमें भारत और नेपाल के लोग भी शामिल थे। ‘आई वांट टू लिव’ की पोस्ट में गुरप्रीत के हवाले से ट्रेनिंग के दौरान बेहद गंभीर घटनाओं का जिक्र किया गया है।
दावे के मुताबिक, ट्रेनिंग के दौरान दो विदेशी नागरिकों ने फायरिंग रेंज से भागने की कोशिश की थी। इनमें से एक को गोली मार दी गई, जबकि दूसरे को एक बंकर के सामने खंभे से बांध दिया गया। उसे सीसीटीवी निगरानी में रखा गया और वहां मौजूद सैनिकों को उसे खाना या पानी देने से मना कर दिया गया। आदेश नहीं मानने पर इसी तरह की सजा भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी।
युद्ध के मोर्चे पर भेजा, रूसी सैनिकों ने भी नहीं दिया सहारा
पोस्ट के मुताबिक, अक्टूबर की शुरुआत में ट्रेनिंग पूरी होने के बाद गुरप्रीत और दूसरे विदेशी नागरिकों को युद्ध के मोर्चे पर भेज दिया गया। उन्हें पोक्रोव्स्क सेक्टर में तैनात किया गया था। मोर्चे की ओर जाते समय उनके समूह पर हमला हुआ, जिसमें दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। इस दौरान गुरप्रीत ने रूसी सैनिकों के कब्जे वाले एक बंकर में शरण लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें वहां से बाहर निकाल दिया गया।
यूक्रेन की परियोजना के मुताबिक, रूसी सैन्य कमान के कथित बर्ताव और बड़ी संख्या में लोगों को मरते देखने के बाद गुरप्रीत ने आत्मसमर्पण करने का फैसला किया। उन्होंने अपना हथियार छोड़ दिया और यूक्रेनी सेना की पोजीशन की तरफ बढ़कर सरेंडर कर दिया।
भारत सरकार से गुरप्रीत की अपील- युवाओं को रूस जाने से रोकिए
यूक्रेनी यूट्यूबर को दिए इंटरव्यू में गुरप्रीत ने भारत सरकार से हाथ जोड़कर अपील की कि भारतीय युवाओं को रूस जाने से रोका जाए। उन्होंने कहा कि रूस सोशल मीडिया पर नौकरी के बड़े-बड़े अवसरों का विज्ञापन देता है, लेकिन लोगों को मौत के मुंह में धकेल दिया जाता है।
गुरप्रीत ने कहा, ‘‘भारत में हर कोई पैसा कमाना चाहता है, लेकिन युवाओं को रूस मत जाने दीजिए। मैंने अपनी आंखों के सामने पंजाब, भारत और नेपाल के कई लड़कों को मरते देखा है। मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं।’’ उन्होंने भारतीय सरकार से अपील की कि उनकी बात सुनी जाए और किसी दूसरे भारतीय को रूस न भेजा जाए।
पहले भी एक भारतीय ने किया था सरेंडर
यह रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच किसी भारतीय नागरिक के यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण करने का दूसरा मामला बताया गया है। इससे पहले गुजरात के मोरबी के रहने वाले 23 वर्षीय साहिल माजोठी ने पिछले साल अक्टूबर में यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण किया था। आरोप था कि उन्हें भी रूसी सेना की वर्दी पहनाकर युद्ध के मोर्चे पर लड़ने के लिए मजबूर किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, साहिल अभी भी ल्वीव स्थित जाखिद-1 युद्धबंदी शिविर में हिरासत में हैं।
भारतीय अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है।