हरिद्वार में IB के SP पर उनके ही ड्राइवर ने चला दी गोली, अस्पताल में भर्ती; गिरफ्तार
हरिद्वार। हरिद्वार जिले से शनिवार को एक बेहद सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) अधिकारी पर उनके ही ड्राइवर ने कथित तौर पर गोली चला दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत यह रही कि गोली उनके माथे को छूकर निकल गई, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कनखल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। घायल पुलिस अधिकारी की पहचान सीपी नौटियाल के रूप में हुई है और वे पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात हैं। वहीं आरोपी ड्राइवर की पहचान विनोद नेगी के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया
आनन-फानन में पुलिस अधिकारी को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने की वजह से एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक गोली पुलिस अधिकारी के सिर को छूकर निकली, हालांकि फिर भी वे घायल हैं। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
ड्राइवर और पुलिस अधिकारी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी या विवाद होने की बात सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि ड्राइवर किसी बात को लेकर सीपी नौटियाल से नाराज चल रहा था और उसी नाराजगी की वजह से उसने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि वास्तविक कारणों का पता आरोपी से पूछताछ के बाद ही चल सकेगा।
कार में बैठे थे तभी हमले को अंजाम दिया गया
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, सीपी नौटियाल कार में बैठे हुए थे, तभी आरोपी ड्राइवर ने एक अवैध हथियार से उन पर हमले को अंजाम दिया। उन्हें मामूली चोट आई है और प्राथमिक इलाज के बाद वे अब खतरे से बाहर हैं। ड्राइवर को अस्थायी तौर पर काम पर रखा गया था।
एसएसपी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मौके से हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी के पास यह हथियार कहां से आया और क्या इसके लिए उसके पास कोई लाइसेंस था।
विवाद के चलते वारदात को दिया अंजाम?
शुरुआती जांच में सामने आया है कि नौटियाल और उनके ड्राइवर के बीच कोई विवाद हुआ था। पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। भुल्लर ने बताया है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश करने का मामला दर्ज कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ड्राइवर काफी समय से अधिकारी से किसी बात को लेकर नाराज था। वह अस्थायी तौर पर नौकरी पर था और उसे हटाए जाने या वेतन को लेकर भी विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है
बहरहाल हरिद्वार पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इंटेलिजेंस ब्यूरो जैसे संवेदनशील विभाग के अधिकारी पर उनके ही ड्राइवर द्वारा गोली चलाए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ड्राइवर की नियुक्ति के समय उसका सत्यापन ठीक से हुआ था या नहीं। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद से हरिद्वार में पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। आईबी के अधिकारी भी मामले की जानकारी ले रहे हैं। घायल एसपी के स्वास्थ्य को लेकर लगातार अपडेट लिया जा रहा है।
फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।