राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में खटीमा के आठ बाल वैज्ञानिकों का चयन, राज्य स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में खटीमा के आठ बाल वैज्ञानिकों का चयन, राज्य स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा

खटीमा। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तत्वावधान में आयोजित 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता खटीमा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (केआईटीएम) में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जनपद के आठ बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थी अब 1 से 3 दिसंबर 2026 तक एफटीआई, हल्द्वानी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ऊधम सिंह नगर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

केआईटीएम के प्रबंध निदेशक कमल बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समन्वयक नरेंद्र सिंह रौतेला ने किया। उन्होंने बाल विज्ञान कांग्रेस के उद्देश्यों और आयोजन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना है। वहीं जिला अकादमिक समन्वयक निर्मल कुमार न्योलिया ने प्रतिभागियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को मूल्यांकन प्रक्रिया से अवगत कराया और प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी।

प्रतियोगिता के लिए जनपद के विभिन्न विद्यालयों से ऑनलाइन पोर्टल पर कुल 308 शोध परियोजनाएं पंजीकृत हुई थीं। इनमें से 60 परियोजनाओं का जनपद स्तर पर प्रस्तुतीकरण किया गया। बाल वैज्ञानिकों ने चार्ट, पीपीटी और फाइल के माध्यम से विभिन्न स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने पर्यावरण, कृषि, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और स्थानीय संसाधनों से जुड़ी समस्याओं पर अपने शोध प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतीकरण, मौलिकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और स्थानीय समस्याओं के समाधान की उपयोगिता के आधार पर मूल्यांकन किया।

 

निर्णायक मंडल में धर्मेंद्र कापड़ी, सुमित पांडेय, विनय जोशी, हर्षित सामंत, प्रीति जोशी एवं प्रभात सिंह राणा शामिल रहे। निर्णायकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि बच्चों के विचारों में नवाचार और समाज के प्रति संवेदनशीलता साफ झलक रही थी। उन्होंने मार्गदर्शक शिक्षकों की भूमिका की भी प्रशंसा की।

प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग से चार और सीनियर वर्ग से चार बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया है।

जूनियर वर्ग में

1-अक्षत गंगवार, नोजगे पब्लिक स्कूल नानकमत्ता,

2-पीयूष पल्याल, नानकमत्ता पब्लिक स्कूल नानकमत्ता,

3-कंचन लोहनी, डायनेस्टी मॉडर्न गुरुकुल अकादमी छिनकी

4-तनिष्क शर्मा, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट एएन झा राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रपुर का चयन हुआ है।

सीनियर वर्ग में

1-नेहा भंडारी, नानकमत्ता पब्लिक स्कूल नानकमत्ता,

2-अंशिका जयाल, एसएमएस दत्ता मेमो नोजगे पब्लिक स्कूल चारूबेटा,

3-भूमिका वत्सल, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय खटीमा

4-अर्पिता यादव, नानकमत्ता पब्लिक स्कूल नानकमत्ता

का चयन हुआ है। चयन की घोषणा होते ही चयनित विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालयों में भी चयनित बच्चों को बधाई दी जा रही है।

कार्यक्रम में किरण, मनीष कापड़ी, योगेंद्र सिंह, गीता गोस्वामी, राखी गुप्ता, निखिल सिंह कन्याल, रविंद्र सिंह, कमल वंसल, राणा कुमार शाह सहित मार्गदर्शक शिक्षक विजय चौबे, हेमा कापड़ी, बबीता सिंह और रागिनी समेत अनेक शिक्षक एवं बाल वैज्ञानिक मौजूद रहे। सभी ने चयनित बच्चों को राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना रहा। बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर अपने आसपास की समस्याओं को समझने और उनका समाधान खोजने का मंच देती है। इस मंच से बच्चों में आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण कौशल और टीम भावना का भी विकास होता है।

केआईटीएम प्रबंधन ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, निर्णायक मंडल और सभी विद्यालयों का आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि संस्थान भविष्य में भी इस तरह के शैक्षणिक और वैज्ञानिक आयोजनों के लिए हमेशा सहयोग करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *