खटीमा गेहूं खरीद केंद्रों पर तौल शुरू न होने से ऊधम सिंह नगर जिले के किसानों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। भारतीय किसान यूनियन ने बुधवार को उपजिलाधिकारी खटीमा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा और गेहूं क्रय केंद्रों पर तत्काल तौल शुरू कराने की मांग उठाई। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि आज ही खरीद शुरू नहीं हुई तो जिले भर के किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
जिलाध्यक्ष गुरसेवक सिंह और मनजिन्दर सिंह भुल्लर की अगुवाई में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि पूरे ऊधम सिंह नगर जिले में किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है। गेहूं खरीद के लिए तौल केंद्र 15 दिन पूर्व बैनर लगाकर खोल दिए गए, लेकिन अब तक एक भी केंद्र पर तौल शुरू नहीं हुई है,
कर्ज और बिचौलियों की दोहरी मार
यूनियन ने बताया कि किसानों ने फसल लगाने के लिए कर्ज लिया था। अब कर्ज चुकाने का दबाव है, लेकिन सरकारी खरीद शुरू न होने से किसान औने-पौने दाम पर बिचौलियों को गेहूं बेचने को मजबूर हैं। लगातार आर्थिक दबाव से किसान मानसिक रूप से परेशान हैं और कई किसानों के सामने जमीन बेचने तक की नौबत आ गई है।

खाद संकट से अगली फसल पर भी असर..
ज्ञापन में यह मुद्दा भी उठाया गया कि जिले में यूरिया और डीएपी खाद समय पर उपलब्ध नहीं हुई। इससे किसानों की मक्का और चैनी धान की फसल खाद के अभाव में खराब हो रही है।
इस दौरान भाकियू जिला अध्यक्ष गुरसेवक सिंह, जिलाध्यक्ष मनजिंदर सिंह भुल्लर, ब्लॉक अध्यक्ष अवतार सिंह, बलविंदर सिंह, जसविंदर सिंह बाजवा, हरगोविंद सिंह, गुरविंदर सिंह, सुरेंद्र सिंह, पपिंदर सिंह खिंडा, हरबंस सिंह, निशांत सिंह, लाल सिंह, राजेंद्र सिंह, सुभाष राणा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
