नशा मुक्ति के संदेश के साथ पुलिस का मैत्री फुटबॉल मैच का कराया आयोजन,
खटीमा, ‘नशा मुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत पुलिस एंटी ड्रग फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत गुरुवार को खटीमा के लोहियाहेड फुटबॉल ग्राउंड में मैत्री मैच का आयोजन किया गया।
यह मैच खटीमा कोतवाली और झनकईया थाना की पुलिस द्वारा आयोजित किया गया जिसमें एक टीम खटीमा क्षेत्र के युवाओं की और दूसरी टीम लोहिया हेड क्षेत्र के युवाओं की थी। मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के पुलिस कर्मियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली और जनता को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रोमांचक मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में खटीमा की टीम ने झनकईया की टीम को 4-2 से हराकर जीत दर्ज की।
इस अवसर पर कोतवाल खटीमा विजेंद्र शाह, एसएसआई खटीमा ललित रावल और थाना अध्यक्ष झनकईया देवेंद्र गौरव मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि खेल के माध्यम से पुलिस समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है। युवाओं से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें और खेलों से जुड़ें।