खटीमा में बीती रात अज्ञात चोरों ने इस्लामनगर क्षेत्र में एक घर में घुसकर लाखों की नकदी, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिजन घर के भीतर सो रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
वही मामले में पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी, तहरीर में दर्ज जानकारी के अनुसर, इस्लामनगर वार्ड संख्या 9 निवासी बाबू पुत्र इस्माइल के घर में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात चोरी की यह बड़ी वारदात हुई। बताया जा रहा है कि रात करीब 12:00 से 1:30 बजे के बीच, जब परिवार गहरी नींद में था, तब चोरों ने बड़ी चालाकी से घर में प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें से 1,40,000 रुपये नकद बटोर लिए।
नगदी के साथ ही चोर कीमती आभूषणों पर भी हाथ साफ कर गए, जिसमें एक तोला सोने के टॉप्स, आधा तोला सोने का पेंडिल, 5 जोड़ी चांदी की पाजेब और एक चांदी का फूल शामिल है। इतना ही नहीं, शातिर चोर घर से एक POCO C61 मोबाइल फोन भी उठा ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित ने बाजार पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बाजार चौकी प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कुछ संदिग्ध सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, चोरी की इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में रोष और असुरक्षा का माहौल है, उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।