रुड़की में चोरों का आतंक, खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर नकदी और दस्तावेज चोरी
रुड़की के मच्छी मोहल्ले में शातिर चोरों ने रात के अंधेरे में जमकर आतंक मचाया। चोरों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए और हजारों रुपये की नकदी समेत जरूरी दस्तावेज चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब वाहन स्वामियों ने गाड़ियों के टूटे शीशे और बिखरा सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मछली सप्लाई का काम करने वाला एक वाहन चालक रात करीब दो बजे बीएचईएल से अपना काम निपटाकर वापस लौटा था। थकान के कारण उसने अपना वाहन मच्छी मोहल्ले में सड़क किनारे खड़ा कर दिया और घर चला गया। सुबह जब वह अपनी गाड़ी के पास पहुंचा तो देखा कि गाड़ी के शीशे टूटे हुए हैं और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि गाड़ी में रखी करीब 13 हजार रुपये की नकदी गायब है।
इतना ही नहीं, चोरों ने पास में ही खड़े एक ट्रक को भी नहीं बख्शा। ट्रक का शीशा तोड़कर उसमें रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए गए। बताया जा रहा है कि ट्रक के अंदर परमिट, कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए। एक ही रात में दो गाड़ियों को निशाना बनाए जाने से स्पष्ट है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने कहा कि मच्छी मोहल्ले में इससे पहले भी चोरी की छोटी-मोटी घटनाएं होती रही हैं, लेकिन इस तरह से गाड़ियों के शीशे तोड़कर चोरी की घटना ने सभी को चिंतित कर दिया है। क्षेत्रवासियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने टूटे हुए शीशों और घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों का निरीक्षण किया। वाहन चालक की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने वाहन स्वामियों से भी अपील की है कि रात में अपने वाहनों में नकदी और कीमती दस्तावेज न छोड़ें और सुरक्षित स्थान पर ही वाहन खड़ा करें।फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है, वहीं इस घटना के बाद मच्छी मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है।