खटीमा में शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर मनाया 26वां राज्य स्थापना दिवस, सपनों का उत्तराखंड बनाने का लिया संकल्प
उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को खटीमा मुख्य चौक स्थित शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, खटीमा विधायक एवं उप नेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी तथा यूकेडी प्रत्याशी रोहित भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पृथक राज्य आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर राज्य निर्माण के लिए शहीदों के त्याग, बलिदान, संघर्ष और योगदान को याद किया गया। कार्यकर्ताओं ने शहीदों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के विकास को गति देने और राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान कराने की प्रतिबद्धता भी जताई गई।नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए विकास कार्यों के साथ-साथ राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने शहीदों को नमन करते हुए समस्त प्रदेशवासियों और क्षेत्रवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वहीं यूकेडी प्रत्याशी रोहित भट्ट ने भी शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।