खटीमा को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात,38.30 करोड़ से होगा मुख्य चौराहे से ईस्टर फैक्ट्री तक सड़क का चौड़ीकरण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने विधानसभा क्षेत्र खटीमा को एक बड़ी विकास सौगात दी है। मुख्य चौराहे से ईस्टर फैक्ट्री तक लगभग 3.5 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण को स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 38.30 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
नगर पालिका परिषद खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के प्रयासों से इस परियोजना को मंजूरी मिली है। पालिका अध्यक्ष जोशी ने बताया कि उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नगर सीमा के अंतर्गत इस महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव का संज्ञान लेते हुए भारत सरकार से इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार सड़क चौड़ीकरण की टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और आगामी 15 दिसंबर तक निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इस परियोजना के तहत केवल सड़क को चौड़ा ही नहीं किया जाएगा, बल्कि इसके साथ छह पुलियों का निर्माण, सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण और बीच में डिवाइडर बनाने का कार्य भी कराया जाएगा। इससे नगर में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और नगरवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से इस सड़क पर जाम और जलभराव की समस्या बनी रहती थी, जिससे इस परियोजना के बाद निजात मिलने की उम्मीद है।
परियोजना की स्वीकृति मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में खटीमा क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। प्रदेश सरकार खटीमा के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि नगरवासियों को बेहतर सड़कें, सुगम यातायात और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यह परियोजना खटीमा के विकास को नई गति प्रदान करेगी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खटीमा विकास, विश्वास और प्रगति की नई पहचान स्थापित कर रहा है।