केदारनाथ के कपाट बंद, अब ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे बाबा के दर्शन
केदारनाथ। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान कर गई। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु ऊखीमठ में ही बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।
बुधवार सुबह 4 बजे से केदारनाथ पहुंचे तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। सुबह 6 बजे समाधि पूजा के बाद गर्भ गृह के कपाट बंद कर दिए गए। मंदिर के मुख्य द्वार के कपाट सुबह 8:30 बजे बंद किए गए। केदारनाथ के मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने सभी पूजाएं संपन्न कीं। कपाट बंद होने की प्रक्रिया मंगलवार को ही शुरू हो गई थी। बाबा केदार की उत्सव डोली को सभा मंडप में रखा गया था।
कपाट बंद होने के बाद सेना के बैंडों की मधुर धुनों के बीच भक्तों द्वारा बाबा केदार के जयकारे के साथ डोली को ऊखीमठ के लिए रवाना किया गया। आज डोली रात्रि विश्राम के लिए रामपुर पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें 👇👇👇👇27वां राज्य स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया, राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित
यमुनोत्री के कपाट भी बंद
यमुनोत्री धाम के कपाट भी बुधवार 11 नवंबर को भैया दूज पर शीतकाल के लिए बंद हो गए। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल ने बताया कि सुबह 10:28 बजे मां यमुना के कपाट बंद हुए। इसके बाद मां यमुना की डोली शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना हुई। अब श्रद्धालु खरसाली में मां यमुना के दर्शन करेंगे।
गंगोत्री के कपाट मंगलवार को हुए बंद
गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर दोपहर 12:05 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन पड़ाव मुखीमठ (मुखबा) के लिए रवाना हुई। डोली बुधवार सुबह मुखबा पहुंची। जहां अब श्रद्धालु आगामी छह माह तक मुखबा में ही मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।
मंगलवार को गंगोत्री के कपाट बंद होने की तैयारी सुबह 9 बजे से शुरू हुई। सबसे पहले मां गंगा के मुकुट को उतारा गया। श्रद्धालुओं ने मां की भोग मूर्ति के दर्शन किए। इसके बाद शुभ लग्न पर ठीक 12:05 बजे गंगोत्री धाम के कपाट देव डोलियों की मौजूदगी में बंद किए गए। डोली में सवार होकर गंगा की भोगमूर्ति मंदिर परिसर से बाहर निकली। आर्मी की टू कुमाऊं रेजिमेंट की बैंड की धुन और ढोल-दमाऊ की थाप के साथ दोपहर 12:15 बजे मां गंगा की डोली मुखबा के लिए रवाना हुई।