दिल्ली से ऋषिकेश तक नमो भारत रैपिड रेल के रूट पर मंथन शुरू, 3 घंटे में तय होगा सफर

दिल्ली से ऋषिकेश तक नमो भारत रैपिड रेल के रूट पर मंथन शुरू, 3 घंटे में तय होगा सफर

देहरादून। दिल्ली से उत्तराखंड को जोड़ने वाली नमो भारत रैपिड रेल परियोजना के विस्तार में अब रूट चयन पर मंथन शुरू हो गया है। मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक प्रस्तावित कॉरिडोर के लिए मुजफ्फरनगर या सहारनपुर के विकल्पों पर मंथन हो रहा है।

दोनों मार्गों की भौगोलिक स्थिति, तकनीकी व्यवहार्यता और कनेक्टिविटी को देखते हुए अलाइनमेंट तय होगा। उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूकेएमआरसी) पहले ही इसका अध्ययन करा चुका है। यह रिपोर्ट राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को सौंप दी गई है। अब ऋषिकेश तक रैपिड रेल के विस्तार में इस अध्ययन को आधार बनाया जा रहा है। हालांकि, कॉरिडोर किस मार्ग से गुजरेगा, इसका निर्णय डीपीआर व तकनीकी अध्ययन के बाद ही होगा।

दोनों रूट के अपने लाभ
मुजफ्फरनगर के रास्ते कॉरिडोर बनने पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को सीधे नमो भारत नेटवर्क से जोड़ने का अवसर मिलेगा। वहीं सहारनपुर के रास्ते अलाइनमेंट बनने पर दूसरे बड़े क्षेत्र को उत्तराखंड से तेज रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। सहारनपुर वाला रूट अपेक्षाकृत 40 किमी कम लंबा होगा।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों विकल्पों पर तकनीकी टीम बारीकी से काम कर रही है। जमीन की उपलब्धता, लागत, यात्रियों की संख्या और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

दिल्ली से ऋषिकेश का सफर तीन घंटे में
दिल्ली से ऋषिकेश तक नमो भारत कॉरिडोर नेटवर्क लगभग 232 किलोमीटर लंबा होगा। ट्रेन की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। दिल्ली से हरिद्वार का सफर करीब ढाई घंटे और ऋषिकेश का सफर लगभग तीन घंटे में पूरा हो सकेगा।

इस परियोजना के पूरा होने से दिल्ली से उत्तराखंड के बीच यात्रा न केवल तेज होगी, बल्कि सुरक्षित और आरामदायक भी होगी। चारधाम यात्रा, कुंभ और पर्यटन के लिहाज से भी यह परियोजना बेहद अहम मानी जा रही है।

इकोनामिक रेट ऑफ रिटर्न मॉडल की पैरोकारी
परियोजना के लिए बिजनेस मॉडल के बजाय इकोनामिक रेट ऑफ रिटर्न मॉडल अपनाने की पैरोकारी की गई है। इस मॉडल में परियोजना का आकलन पर्यावरण संरक्षण, परिवहन लागत की बचत, रोजगार और निवेश जैसे पहलुओं से होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखंड में कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। राज्य सरकार एनसीआरटीसी के साथ लगातार समन्वय कर रही है, ताकि इस परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *