राइस मिलरों ने मंडी परिषद अध्यक्ष से की मुलाकात, धान खरीद का गतिरोध खत्म
उत्तराखंड राइस मिलर संगठन के पदाधिकारियों ने आज मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू से मुलाकात की। बैठक में मेयर विकास शर्मा भी उपस्थित रहे, बैठक के दौरान राइस मिलर संगठन ने धान खरीद में आ रहे गतिरोध और अपनी समस्याओं के बारे में अध्यक्ष को अवगत कराया। इस पर मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ने आश्वासन दिया कि राइस मिलर संगठन की सभी मांगों से माननीय मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। इस संदर्भ में 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर विचार-विमर्श किया जाएगा।
डॉ. कपूर ने राइस मिलरों से आग्रह किया कि वे किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए तुरंत धान खरीद प्रारंभ करें। इस पर राइस मिलर संगठन के अध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने कहा कि सभी राइस मिलर किसानों का धान कल से सरकारी दरों पर खरीदना प्रारंभ कर देंगे। उन्होंने कहा कि समस्त राइस मिलर सरकार की हर नीति का पालन करेंगे. सत्यवान गर्ग ने मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. कपूर के नेतृत्व में उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।