23 अक्टूबर से शुरू होगी ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच

23 अक्टूबर से शुरू होगी ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि स्यालीधार स्थित ईवीएम वेयरहाउस में 23 अक्टूबर 2026 से प्रथम स्तरीय जांच शुरू होगी। जांच प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी और अवकाश के दिनों में भी जारी रहेगी।

सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने दो अधिकृत प्रतिनिधियों के नाम, मोबाइल नंबर, पता और पहचान पत्र का विवरण 22 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्रतिनिधियों को दो पासपोर्ट फोटो और पहचान पत्र की छायाप्रति भी देनी होगी।

ईवीएम वेयरहाउस में 25 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जाएगी। पूरी जांच प्रक्रिया की वेबकास्टिंग होगी, जिसकी निगरानी भारत निर्वाचन आयोग करेगा।

एफएलसी हॉल में मोबाइल, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर और कैमरा ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। सही मशीनों पर हरा और खराब मशीनों पर लाल स्टीकर लगाया जाएगा। खराब मशीनों को एक सप्ताह के भीतर ईसीआईएल कंपनी को वापस भेजा जाएगा। जांच के बाद 5 प्रतिशत मशीनों पर मॉक पोल कराया जाएगा।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई। इसके तहत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर को होगा, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी और 4 जनवरी 2027 को अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *