रुद्रपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 26वां राज्य स्थापना दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि, आंदोलनकारियों का सम्मान

रुद्रपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 26वां राज्य स्थापना दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि, आंदोलनकारियों का सम्मान

जनपद मुख्यालय रुद्रपुर के गांधी पार्क में रविवार को 26वां राज्य स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, सुरेश कोली, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित राज्य आंदोलनकारियों ने राज्य आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ विकास पुस्तिका का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम और स्कूली बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा ने सभी को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कड़े संघर्ष के बाद उत्तराखंड राज्य मिला है। राज्य प्राप्ति के लिए आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जेल में अनेक यातनाएं सहीं और मातृशक्ति ने आधारशिला का काम किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का तोहफा दिया।

उन्होंने कहा कि इन 26 वर्षों में राज्य ने बहुत कुछ पाया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि से विशेष लगाव है। उन्होंने कई अरब की योजनाएं उत्तराखंड को दी हैं। बाबा केदारनाथ की भूमि से प्रधानमंत्री ने कहा था कि आने वाला दशक उत्तराखंड का दशक होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया है।

विधायक ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता लागू की गई है। साथ ही रुद्रपुर में बाईपास, किच्छा में सैटेलाइट एम्स, स्मार्ट औद्योगिक पार्क, फॉरेंसिक विश्वविद्यालय, आधुनिक सर्किट हाउस, पंतनगर एयरपोर्ट का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार, नई रेल संचालन और हैली सेवा जैसी योजनाओं से विकास को गति मिली है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और दर्जा मंत्री सुरेश कोली ने भी सभी को बधाई देते हुए आंदोलनकारियों और शहीदों को नमन किया और 10 प्रतिशत आरक्षण के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि आंदोलनकारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य किए जा रहे हैं और सभी अधिकारी-कर्मचारी निष्ठा और ईमानदारी से दायित्व निभाएं, यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। पीएम स्वनिधि लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, चित्रकला और मैराथन विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम मनीष बिष्ट, आंदोलनकारी हरीश पनेरू, अनिल चौहान, चंद्रा पंत, जानकी जोशी सहित अनेक आंदोलनकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *