विधायक भुवन कापड़ी ने किया गौशाला का निरीक्षण
बोले—दो हजार गोवंश की क्षमता बताई, 700 पर ही कैसे भर गई गौशाला
खटीमा विधायक तथा उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने क्षेत्र की जनता के शिकायतों का संज्ञान लेकर गौशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और गोवंश की क्षमता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गौशाला की क्षमता को लेकर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री से अतिरिक्त निर्माण कार्य के लिए तत्काल धनराशि स्वीकृत करने की मांग की। विधायक कापड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गौशाला के उद्घाटन के समय इसकी क्षमता दो हजार गोवंश बताई थी। लेकिन वर्तमान में मात्र 700 गोवंश ही गौशाला में रखें गए हैं जिससे उसकी क्षमता पर सवाल उठता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने गोवंश लेकर गौशाला पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें वापस लौटाया जा रहा है। कई क्षेत्रों में ग्रामीणों को गोवंश लेकर गौशाला जाने से पुलिस द्वारा रोके जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि गौशाला बनने के बावजूद भी निराश्रित गोवंशों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। गोवंश किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और सड़कों पर दुर्घटनाओं का कारण भी बन रहे हैं। इससे किसानों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने मुख्यमंत्री से गौशाला की क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त निर्माण कार्य का बजट तत्काल स्वीकृत करने की मांग की, ताकि अधिक गोवंश को आश्रय मिल सके और किसानों को फसलों के नुकसान से राहत मिल सके।