पीलीभीत!पूरनपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत पीलीभीत जनपद के पूरनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी प्रेम सुगंध महाराज के आश्रम पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके स्वागत के लिए पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं।मुख्यमंत्री के हेलीपैड पर पहुंचते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। हेलीपैड से आश्रम तक उनके आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की निगरानी में पूरा कार्यक्रम संपन्न कराया गया।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान और नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता सहित तमाम वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर उनसे मुलाकात की।इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वामी प्रेम सुगंध महाराज के आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने स्वामी जी से भेंट की। इस दौरान आश्रम में उनके आगमन को लेकर विशेष उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को लेकर स्थानीय लोगों और समर्थकों में भी चर्चा रही।मुख्यमंत्री के पूरनपुर आगमन के दौरान जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक एवं सामाजिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बना दिया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया।