शॉर्ट सर्किट से किसान की साढ़े सात एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख  

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा,अधिकारियों से वार्ता कर किसान को शीघ्र मुआवजा दिलाने के दिए निर्देश

Riporter-Arvind Kumar

किच्छा।उधम सिंह नगर। ग्राम महाराजपुर में शॉर्ट सर्किट के चलते खेत में खड़ी गन्ने की फसल में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब साढ़े सात एकड़ में खड़ी गन्ने की पूरी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड में किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना से किसान परिवार में मायूसी छा गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम महाराजपुर निवासी किसान नरेंद्र ठुकराल, जो किसान सेवा सहकारी समिति नारायणपुर के चेयरमैन एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य भी हैं, के खेत में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। खेत में खड़ी गन्ने की फसल आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसान को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते महीनों की मेहनत से तैयार की गई फसल जलकर नष्ट हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जली हुई फसल का जायजा लिया और पीड़ित किसान नरेंद्र ठुकराल से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने आग लगने के कारणों और फसल को हुए नुकसान के संबंध में भी जानकारी ली।पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मौके से ही अधिशासी अभियंता विद्युत संजय तिवारी तथा शुगर फेडरेशन उत्तराखंड के प्रबंध निदेशक विजय पांडे से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को घटना की गंभीरता से अवगत कराते हुए पीड़ित किसान को नियमानुसार राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही फसल के नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराकर किसान को उचित मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके अपनी फसल तैयार करता है। साढ़े सात एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल का इस तरह जलकर नष्ट हो जाना बेहद दुखद है। यह केवल फसल का नुकसान नहीं, बल्कि किसान की कई महीनों की मेहनत और उसकी आर्थिक उम्मीदों को लगा बड़ा झटका है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार किसानों के हितों और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना में किसान को नुकसान होने पर उसे समय से राहत दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र नुकसान का आकलन कराने और पीड़ित किसान को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *