अंकिता भंडारी हत्याकांड: टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर का होगा नार्को टेस्ट, कोर्ट ने दिया आदेश

अंकिता भंडारी हत्याकांड: टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर का होगा नार्को टेस्ट, कोर्ट ने दिया आदेश

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट होगा। यह टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में होगा। कोर्ट ने आदेश जारी कर दिए हैं।

देहरादून के सीबीआई कोर्ट ने शुक्रवार को टेलिविजन एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट के आदेश जारी कर दिए। सनावर के वकील ने बताया है कि टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में किए जाएंगे, लेकिन फिलहाल टेस्ट कब होंगे, इसकी तारीख तय नहीं की गई है।

वकील शिवानी तोमर ने पीटीआई को बताया कि कोर्ट में सुनवाई के दौरान नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए सहमति दी गई है और उनके बयान को भी रिकॉर्ड में ले लिया गया है। यह फैसला हुआ है कि टेस्ट गांधीनगर में किए जाएंगे, हालांकि तारीख फाइनल नहीं हुई है।

वकील ने आगे बताया कि ऐसी संभावना है कि उर्मिला सनावर का मेडिकल टेस्ट नवंबर के तीसरे हफ्ते तक करवाया जाए और इसके बाद ही नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट की तारीख तय होगी।

सुरेश राठौर का भी होगा टेस्ट
आपको बता दें कि इस मामले में भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर का भी नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट होना है। सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है और दोनों के बयानों में विरोधाभास को लेकर टेस्ट कराने की मांग की गई थी।

एक अन्य मामले में एफआईआर पहले से दर्ज
इससे पहले 26 अक्टूबर को देहरादून की कोर्ट में पेशी से पहले सनावर के खिलाफ एक नई एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसके बाद उन्हें सहारनपुर में उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया था। पिछले हफ्ते सनावर को हरिद्वार की एक कोर्ट ने मानहानि और जबरन वसूली के मामले में जमानत दे दी थी।

बता दें कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड के सबसे चर्चित मामलों में से एक है। 19 वर्षीय अंकिता पौड़ी जिले के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। सितंबर 2022 में उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य समेत तीन लोगों को दोषी ठहराया जा चुका है।

अब सीबीआई इस मामले में कथित तौर पर जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। उर्मिला सनावर ने इस मामले में कुछ दावे किए थे, जिसके बाद से वह जांच के दायरे में आईं। कोर्ट के आदेश के बाद अब सभी की नजर गांधीनगर में होने वाले नार्को टेस्ट पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *