खटीमा में भीषण गर्मी से राहत, पंजाबी महासभा ने राहगीरों को पिलाया मीठा शरबत
खटीमा। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच एकादशी के पावन अवसर पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा और पंजाबी मंदिर सभा की महिला शाखा ने समाज सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया। दोनों संगठनों ने शहर के मुख्य स्थानों पर शीतल जल और मीठे शरबत की प्याऊ लगाकर राहगीरों और यात्रियों को राहत प्रदान की। टनकपुर रोड स्थित रोडवेज बस अड्डे के पास उत्तरांचल पंजाबी महासभा द्वारा मीठे शरबत का लंगर लगाया गया। इस दौरान पूर्णागिरी जाने वाले दर्शनार्थियों और अन्य राहगीरों ने बड़ी संख्या में शरबत का आनंद लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष विजय अरोड़ा और प्रदेश सचिव मनोज वाधवा ने किया। इस सेवा कार्य में गुरुद्वारा गुरु नानक सिंह सभा के अध्यक्ष हरभजन सिंह खिंडा, महामंत्री हरीश बत्रा, कोषाध्यक्ष जितिन ग्रोवर, संरक्षक अनिल बत्रा, सरदार जनक सिंह, राजकुमार गुंबर, सुनील बत्रा, राजीव मेहरोत्रा, जगदीश गुप्ता, करमजीत रैना, राजीव मेहरोत्रा और अमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर, शहर के मुख्य चौक पर पंजाबी मंदिर सभा की महिला शाखा ने भी जल सेवा का लंगर लगाया। महिला अध्यक्ष सोनिया सुनेजा के नेतृत्व में टीम ने तपती धूप में यात्रियों की प्यास बुझाई। इस सेवा कार्य में पूजा बत्रा, आरती डाबर, मोना कश्यप, मोनिका ढींगरा, रितु गुप्ता, अजय डाबर और देवेंद्र अग्रवाल सहित अन्य सदस्य सक्रिय रहे। नगरवासियों ने समाजसेवियों द्वारा किए गए इस कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की है।
