रामनगर में विजिलेंस की ताबड़तोड़ छापेमारी, लगभग 15 लोगों पर बिजली चोरी में FIR

रामनगर में विजिलेंस की ताबड़तोड़ छापेमारी, लगभग 15 लोगों पर बिजली चोरी में FIR

रामनगर में बिजली चोरी के खिलाफ मंगलवार तड़के बिजली विभाग और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। देहरादून, हल्द्वानी और रुद्रपुर से पहुंची टीमों ने खताड़ी, पुछड़ी समेत कई मोहल्लों में एक साथ छापेमारी कर बिजली कनेक्शनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान 15 से 20 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। सुबह-सुबह हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभियान में देहरादून मुख्यालय, हल्द्वानी और रुद्रपुर से आई विजिलेंस टीमों के साथ स्थानीय बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

विजिलेंस इंस्पेक्टर मारुत साह, सब इंस्पेक्टर संजीव त्यागी समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पांच अलग-अलग टीमें बनाकर संदिग्ध कनेक्शनों की जांच की गई। इस दौरान कुछ स्थानों पर टीम और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

हल्द्वानी के अधीक्षण अभियंता रवि कुमार राजोरा ने बताया कि बिजली चोरी की शिकायतों और अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर यह अभियान चलाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद बिजली चोरी की मात्रा का आकलन कर नियमानुसार जुर्माना निर्धारित किया जाएगा और वसूली के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी और लाइन लॉस वाले अन्य क्षेत्रों में भी आगे इसी तरह अभियान जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से अवैध तरीके से बिजली का उपयोग न करने की अपील की है, क्योंकि इसका आर्थिक बोझ अन्य उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *