नानकमत्ता में फायरिंग कर हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
नानकमत्ता क्षेत्र में फायरिंग कर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई की। 18 अक्टूबर को सिद्धानवदिया गांव में पथराव और फायरिंग के दौरान 35 वर्षीय सतनाम सिंह की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने पांच टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने 19 अक्टूबर को मटिहा बॉर्डर से कुलदीप सिंह उर्फ बंटी और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। एसएसपी अजय गणपति ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।