उत्तराखंड देवभूमि, पूरे देश को देती है ऊर्जा : मध्य प्रदेश सीएम डॉ. मोहन यादव,धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दोनों राज्यों के बीच बनेंगे संयुक्त प्रकल्प

उत्तराखंड देवभूमि, पूरे देश को देती है ऊर्जा : मध्य प्रदेश सीएम डॉ. मोहन यादव,धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दोनों राज्यों के बीच बनेंगे संयुक्त प्रकल्प

खटीमा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि इस भूमि का पूरे देश के लिए विशेष महत्व है। खटीमा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की ओर से वह उत्तराखंड के सभी भाई-बहनों को बधाई और अभिनंदन देते हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जिसके कारण पूरे देश को आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है। यहीं भगवान बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे चार धाम स्थित हैं और यहीं से आगे जाकर कैलाश मानसरोवर यात्रा का मार्ग भी निकलता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सभी सरकारें जनकल्याणकारी कार्य कर रही हैं। जनता की मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सनातन धर्म की धरा पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और दर्शनार्थियों एवं धर्मालुओं के लिए प्रबंधन का काम प्राथमिकता से किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश में भी बाबा महाकाल सहित अनेक देवस्थल हैं, इसलिए दोनों राज्यों के बीच सौभाग्यपूर्ण संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कई संयुक्त प्रकल्प बनाए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए कहा कि वह कुशलता से जनकल्याणकारी कामों में लगे हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को बधाई देते हुए प्रदेशवासियों को दीपावली, छठ पूजा और नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में खटीमा पहुंचने पर उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही संगठन और सरकार दोनों मजबूत होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *