कैंची धाम नहीं जा सकेंगे टैक्सी और दोपहिया वाहन, जानिए ट्रैफिक पुलिस का प्लान

कैंची धाम नहीं जा सकेंगे टैक्सी और दोपहिया वाहन, जानिए ट्रैफिक पुलिस का प्लान

भवाली। वीकेंड पर कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नया प्लान जारी किया है। शनिवार और रविवार को कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के साथ ही पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं भारी वाहनों, बसों और चौपहिया वाहनों के लिए भी अलग-अलग समय पर डायवर्जन लागू होगा।

यातायात प्लान के अनुसार, दोनों दिन तड़के तीन बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। पुलिस का कहना है कि वीकेंड पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और जाम से बचने के लिए यह व्यवस्था की गई है।

पहाड़ से मैदान जाने वाले वाहनों के लिए रूट
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा-धनाचूली-धारी-खुटानी बैंड-भीमताल मार्ग से होकर गुजरेंगे। जबकि हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड होते हुए जाएंगे।

काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर-रामगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का ही पालन करें, ताकि जाम की स्थिति न बने।

कैंची धाम जाने वालों के लिए पार्किंग और शटल सेवा
कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों और निजी वाहनों के लिए भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग और भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में वाहन खड़े करने की व्यवस्था की गई है। यहां से श्रद्धालु शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंच सकेंगे।

भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से आने वाले स्थानीय वाहन, जिन्हें खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाना है, वे दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहन नैनी बैंड से शिप्रा पुल भवाली होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

शुक्रवार को लगा दो किमी लंबा जाम
पर्यटकों और श्रद्धालुओं के वाहनों का दबाव बढ़ने से शुक्रवार को भवाली-भीमताल मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह से ही बाजार क्षेत्र समेत नगर की विभिन्न सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम के चलते स्थानीय व्यापारियों, स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

सबसे अधिक दिक्कत दुकानों में सामान उतारने वाले वाहनों को हुई। जाम से कई वाहन दुकानों तक नहीं पहुंच सके, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *