उत्तराखंड के मौसम पर बड़ा अपडेट! 7 जिलों में होगी भारी बारिश; बर्फबारी भी होगी

उत्तराखंड के मौसम पर बड़ा अपडेट! 7 जिलों में होगी भारी बारिश; बर्फबारी भी होगी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, सात पर्वतीय जिलों में बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी संभव है। प्रदेश के लोगों और पर्यटकों को आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के लिए तैयार रहना होगा।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 3200 मीटर एवं उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी। शेष जिलों में बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी, मैदानी इलाकों में भी बारिश होगी।

आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम सुहाना
आसमान में बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहाना बना रहा। शनिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.0 और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम 15.1 डिग्री रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। सुबह-शाम कोहरे और ठंडी हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे फसलों को लेकर सतर्क रहें।

मौसम में बदलाव का असर चारधाम यात्रा और पर्यटन पर भी पड़ सकता है। प्रशासन ने संबंधित जिलों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *